धनिया के 119 स्वास्थ्यवर्धक फायदे व आयुर्वेदिक नुस्खे – Dhaniya ke Labh

Last Updated on November 15, 2023 by admin

धनिया क्या है ? : Coriander in Hindi

साबुत धनिया का उपयोग रसोईघर में सुगन्धित मसालों के रूप में किया जाता है। हरी धनिया का उपयोग सब्ज़ियों में सुगंधित बनाने तथा भोज्य पदार्थों को सुंदर व रुचिकर बनाने व चटनी बनाने के लिए भी किया जाता है। धनिया को अंग्रेजी Coriander कहते हैं। इसका वानस्पतिक नाम कोरिएनड्रम सटिवुम _ Coriandrum Sativum है। धनिया में बहुत सारे पौष्टिक तत्व और औषधीय गुण मौजूद हैं। (इसे भी पढ़े : धन‍िया के 72 जबरदस्त फायदे व दिव्य औषधीय प्रयोग )

धनिया के फायदे और औषधीय उपयोग : Dhaniya ke Fayde in hindi

1. जोड़ों में दर्द : जोड़ों में दर्द अक्सर शरीर में गैस के बढ़ जाने के कारण होता है। कभी-कभी बलगम की प्रकृति भी अधिक बढ़ जाती है। खून में रोग भी पैदा हो जाता है। ऐसी दशा में धनिया का चूर्ण तथा सोंठ के चूर्ण को शहद के चूर्ण के साथ मिलाकर चटाना चाहिए।

2. गर्मी के कारण होने वाली खांसी : खांसी गले में छोटे-छोटे दाने निकल आने के कारण बनती है या फिर बलगम अधिक बढ़ जाता है। शरीर में गर्मी के अधिक बढ़ जाने से भी खांसी आने लगती है। इसके लिए साबुत धनिये को पानी में उबालकर ठंडा कर लेना चाहिए फिर उसमें थोड़ा सा शहद और पिसी हुई सोंठ मिलाकर पीना चाहिए। इससे बलगम ढीला पड़ता है और जब यह बाहर निकल जाता है तो खांसी कम हो जाती है। अदरक का रस और शहद भी खांसी दूर करने की उपयोगी औषधि है। गले के दाने भी नष्ट हो जाते हैं।

3. तलुओं में छाले निकलना : मुंह के तालु में छाले आंतों की गर्मी से निकल आते हैं। ऐसी दशा में रोगी को भोजन लेना कठिन हो जाता है। इसके लिए धनिये के पानी से कुल्ले करने चाहिए। 50 ग्राम धनिये को 2 लीटर पानी में पका लेना चाहिए। इसके बाद पानी को छान लेते हैं फिर इस पानी से कुल्ले करने चाहिए। दिन में 3 बार कुल्ला करने से रोगी को काफी आराम मिलता है। भोजन में मीठा दलिया, मूंग की दाल से रोटी, दूध चाय आदि लेना चाहिए। छालों की जितनी अधिक सिंकाई होगी, उतना ही आराम मिलेगा। धनिये के पानी में ग्लिसरीन मिलाकर फुरेरी से तालु पर लगाना चाहिए। कुछ देर के बाद लार टपका देनी चाहिए। रोगी के छाले तीसरे दिन से सूखना प्रारंभ हो जाएंगे। रात में पूरी नींद लेनी चाहिए।

4. चेहरे पर झाईयां पड़ जाना : चेहरे पर झाईयां गर्मी के कारण पड़ जाती हैं। कभी-कभी खून में रोग उत्पन्न हो जाने के कारण भी ऐसा होता है। इससे चेहरे की सुन्दरता को काफी नुकसान पहुंचता है। इसके लिए धनिये के पानी में खीरे का रस मिलाकर झाईयों को धोना चाहिए। इसके अलावा सुबह-शाम धनिये के कुछ दाने मुंह में डालकर चबाने चाहिए। रस को गले के नीचे उतारकर छूंछ को थूक देना चाहिए। यह काफी गुणकारी औषधि होती है। इसके अलावा, ककड़ी, खीरा, सेब, नाशपाती का रस लेना चाहिए। खीरे, ककड़ी और हरे धनिये में पोटाश तथा लवण की मात्रा होती है, जो झाईयों को दूर करते हैं। रात को धनिये के पानी में अदरक का रस मिलाकर मुंह पर लगाना चाहिए। सुबह साफ पानी से मुंह को धो डालना चाहिए। धीरे-धीरे त्वचा के सारे रोग नष्ट हो जाते हैं।

5. थकान और शरीर का टूटना : हम सभी जानते हैं कि थकान अधिक काम करने से होती है। कभी-कभी अधिक सर्दी या गर्मी में रहने, जमीन पर सोने या फिर कडे़ स्थान पर सोने से भी शरीर टूटने लगता है। इसके लिए एक बाल्टी पानी में 100 ग्राम धनिया, 2 चम्मच नमक और 4 चम्मच कड़वा तेल मिलाकर शरीर के निचले अंगों को सहते गर्म पानी में डुबोना चाहिए। थोड़ी देर में थकान और टूटन दोनों दूर हो जाते हैं। नसों में खिंचाव, मांसपेशियों में सूजन और जोड़ों में एसिड उत्पन्न हो जाने के कारण भी थकान व शरीर टूटने की शिकायत हो जाती है। विश्राम से भी रोगी को काफी लाभ मिलता है। तेज हवा में नहीं सोना चाहिए वरना और भी अधिक हानि हो सकती है। शरीर को चादर से ढककर सोने से भी शरीर का टूटना कम हो जाता है।

6. स्नायु की दुर्बलता : इस बीमारी को अंग्रेजी में नर्वस ब्रेकडाउन भी कहते हैं। इस रोग में रोगी को लगता है कि जैसे उसके शरीर की प्राणशक्ति किसी ने निचोड़ ली है। हाथ-पांव भी फूल जाते हैं। रोगी का दिल घबराने लगता है कि उसकी मृत्यु शीघ्र ही हो जाएगी। कभी-कभी जी मिचलाने लगता है। इसके लिए रोगी को 4 पत्तियां तुलसी, 10 दाने धनियां और 2 कालीमिर्च, 2 कप पानी में उबालकर चाय बनी लेनी चाहिए। फिर उसमें से थोड़ी-सी शक्कर डालकर रोगी को पिलानी चाहिए। इससे रोगी की घबराहट दूर हो जाती है और उसकी दशा प्राकृतिक हो जाती है। इसमें हल्का भोजन और आराम आवश्यक होता है। तुलसी और धनिये का रस पानी की तरह नाक में टपकाना चाहिए।

7. नींद न आने की शिकायत : नींद न आने की शिकायत लगातार कुछ सोचने, मानसिक अशांति, पेट में कब्ज, अत्यधिक थकावट, असामान्य बीमारी आदि के कारण होती है। कुछ लोग इस अवस्था में नींद की गोलियां ले लेते हैं। ऐसा कभी नहीं करना चाहिए क्योंकि प्रारम्भ में नींद तो आ जाती है। परन्तु कुछ दिनों बाद नींद की गोलियां मन को सहज हो जाती है। अत: ये अपना प्रभाव डालना बंद कर देती हैं। तब मनुष्य और अधिक परेशानी में पड़ जाता है। इसके लिए दाल-सब्जी आदि में नमक की मात्रा कम कर देनी चाहिए। हल्का भोजन लेना चाहिए यदि कब्ज हो तो उसे दूर करना चाहिए। स्वादिष्ट व सुगंध खाने वाली चीजों को छोड़ देना चाहिए। तेज-मिर्च मसाले आदि नहीं खाने चाहिए। धनिया के 25 दाने, 1 लाल इलायची, 2 कालीमिर्च को पीसकर चूर्ण बना लेना चाहिये। फिर इस चूर्ण को दो चुटकी लेकर ऊपर से गुनगुना पानी ले लेना चाहिए। पांव के तलुवें में देशी घी या सरसों का तेल मलना चाहिए। इससे तनाव कम होकर नींद आ जाती है।

8. अधिक पसीना आना :

  • जब शरीर अधिक पसीने से भीग जाए तो समझ लेना चाहिए कि जिगर में कोई खराबी है। इसमें भूख कम हो जाती है। शरीर पसीने के बाद शिथिल (ढीला) पड़ जाता है। काम में मन नहीं लगता है। हाथ और पैर फूल जाते हैं। रोगी घबराहट का अनुभव करने लगता है। भोजन में अरुचि हो जाती है। जीभ सूखी सी और कड़वी हो जाती है। अत: व्यक्ति को 5 दाने धनिये के पपीते के साथ लेना चाहिए। अदरक और शहद को साथ लेने से भूख खुलकर लगती है। अदरक के रस को शहद के रस में मिलाकर उंगली से चाटना चाहिए। मुंह की लार जितनी अधिक पेट के अंदर जाएगी, उतना ही अधिक पेट का भारीपन घटेगा। नमक की मात्रा कम कर देने से भी अधिक पसीना आने की शिकायत दूर हो जाती है।
  • 2 ग्राम पिसे हुये धनिये को दिन में 3 बार पानी के साथ लेने से पसीना आना कम हो जाता है।

9. पथरी :

  • पथरी के हो जाने पर साधारण पीड़ा बहुत ही भयानक हो जाती है। यह मूत्राशय या गुर्दे में होती है। इसके प्रभाव से पेशाब करते समय दर्द, पेट में अफारा (गैस), हल्का बुखार, गुर्दे में पीड़ा आदि होने लगती है। पथरी के बनने के कई कारण बताये जाते हैं। खाने-पीने में अनियमितता, वीर्यस्राव का रुक जाना आदि कारणों से पथरी का रोग हो जाता है। इसके लिए विभिन्न दवाएं दी जाती हैं। यदि उससे लाभ नहीं होता है तो ऑपरेशन कराना पड़ता है। पथरी की शिकायत होने पर 20 ग्राम धनिये को 1 लीटर पानी में उबालते हैं। फिर इसे छानकर मूली को पीसकर उसका रस इसमें मिला लेते हैं। फिर इसमें सेंधानमक मिलाकर एक बोतल में भर लेते हैं। इस बोतल को 8 दिन तक धूप में रखते हैं। इसे 4 चम्मच सुबह-शाम पानी के साथ पीने से पथरी गलकर पेशाब के साथ निकल जाती है।
  • 50 ग्राम सूखा धनिया, 50 ग्राम सौंफ तथा 50 ग्राम मिश्री को डेढ़ किलो पानी में सुबह भिगो दें तथा शाम को छानकर पीस लें और उसी पानी में घोलकर छानकर पीयें। इस तरह सुबह को भिगोकर शाम को तथा शाम को भिगोकर सुबह को रोजाना पीयें। इससे पेशाब खुलकर आता है तथा पथरी गलकर बाहर निकल जाती है।

10. पागलपन का हल्का दौरा:

  • जब कभी दिमाग पर भीतरी गर्मी प्रभाव छोड़ती है तो पागलपन का हल्का दौरा पड़ने लगता है। उस व्यक्ति को होश नहीं रहता है कि वह क्या कर रहा है। उसकी मुंह से उल्टी सीधी बातें निकल जाती हैं। चेतना क्षीण होने लगती है। ऐसी दशा में धनिया को शहद के साथ चाटना चाहिए। रोगी के सामने ऐसी वैसी बातें नहीं करनी चाहिए। उनको यही आभास दिलाते रहना चाहिए कि वह जो कुछ कह रहा है ठीक ही कह रहा है।
  • 10 ग्राम से 20 ग्राम की मात्रा में धनिये के चूर्ण को सुबह और शाम के समय देने से संभोग की वजह से हुआ पागलपन ठीक हो जाता है।

11. दस्त व कब्ज : हरा धनिया, काला नमक, कालीमिर्च को मिलाकर चटनी बनाकर चाटने से लाभ मिलता है। यह चटनी सुपाच्य रहती है। उल्टी में धनिये को मिश्री के साथ सेवन करने से लाभ मिलता है। पिसे हुए धनिये को सेंककर 1-1 चम्मच पानी से फंकी लेने से दस्त आना बंद हो जाता है। दस्तों में आंव, मरोड़, उल्टी, गर्भवती की उल्टी आदि आना बंद हो जाती है।

12. शरीर में जलन :

  •  रात को 4 चम्मच धनिया और इतने ही चावल पानी में भिगों दें। इन्हें सुबह गर्म करके पीयें अथवा रात को धनिया भिगों दें और सुबह के समय मिश्री डालकर पीसकर छानकर पियें। इससे शरीर की गर्मी और पेट की जलन नष्ट हो जाती है।
  • रात को धनिये को पानी में भिगों दें और सुबह उठने पर उसे छानकर उसमें मिश्री डालकर पी जायें। इससे शरीर की गर्मी और पेट की जलन दूर हो जाती है।

13. दमा-खांसी : धनिया और मिश्री को पीसकर चावलों के पानी के साथ सेवन करने से दमा और खांसी के रोग में लाभ मिलता है।

14. चेचक की गर्मी : चेचक की गर्मी निकालने के लिए धनिया और जीरा पानी में डालकर रात को मिट्टी के बर्तन में भिगो दें। सुबह उस पानी में चीनी मिलाकर पियें। इससे मल साफ आता है तथा चेचक की गर्मी शान्त होती है।

15. गर्मी के रोग : रात के समय मिट्टी के बर्तन में 2 गिलास पानी 5 चम्मच सूखा धनिया भिगो देते हैं। सुबह के समय इसमें स्वाद के अनुसार मिश्री मिलाकर पियें। इससे गर्मी के रोग समाप्त हो जाते हैं।

16. गंजापन : dhaniya ka pani ke fayde- हरे धनिये का पानी निकालकर (पत्ते का रस) सिर पर मालिश करने से गंजेपन का रोग मिट जाता है और सिर पर नये बाल आना शुरू हो जाते हैं।

17. मलेरिया बुखार :

  • धनिया और सोंठ दोनों पिसे हुए आधा-आधा चम्मच मिलाकर रोजाना 3 बार खाने से ठण्ड देकर आने वाला बुखार मिट जाता है।
  • आधा चम्मच पिसा हुआ धनिया, आधा चम्मच सोंठ, आधा चम्मच अजवाइन और चुटकी भर सेंधानमक को मिलाकर बारीक चूर्ण बना लें। इस चूर्ण को दिन में 3 बार लेने से मलेरिया के बुखार में लाभ मिलता है।
  • धनिया और सोंठ को बराबर मात्रा में पीसकर रोजाना दिन में 3 बार पानी से फंकी लेने से मलेरिया के बुखार में आराम मिलता है।

18. पेट में दर्द :

  • पेट दर्द में धनिये का शर्बत लाभप्रद होता है। 2 चम्मच धनियां 1 कप पानी में गर्म करके पीना चाहिए।
  • 1 चम्मच धनिया और थोड़ी मात्रा में सौंठ को 1 कप पानी में उबालकर पीने से पेट के दर्द, आंव (एक प्रकार का चिकना सफेद पदार्थ जो मल के द्वारा बाहर निकलता हैं) और बदहजमी ठीक हो जाती है।
  • पेट के दर्द में रोगी बुरी तरह से चीखता और चिल्लाता है। यह पेट में गैस के रुकने या आंतों में सूजन हो जाने से होता है। इसके लिए 10 ग्राम सूखा धनिया, 5 ग्राम सोंठ, 5 ग्राम अजवायन, 5 ग्राम भूना हुआ जीरा और 2 ग्राम कालानमक को पीसकर चूर्ण बना लेना चाहिए। इस चूर्ण को 1 चम्मच गर्म पानी से दिन में 3 बार लेना चाहिए। यह चूर्ण गैस को तोड़कर बाहर निकालता है और रोगी को स्थायी रूप से लाभ पहुंचाता है। अदरक के रस में सूखे धनिये का चूर्ण भी पेट दर्द के लिए लाभदायक होता है। जब दर्द रुक जाए तो हल्का भोजन करना चाहिए। अधिक ठण्डी और अधिक गर्म चीजें नहीं खानी चाहिए। सर्दियों में हल्की चाय और गर्मी में कालानमक डालकर छाछ पीना लाभकारी होता है।

19. मोतियाबिन्द : धनिये को पीसकर बारीक कर लेते है। थोड़ा सा धनिया पानी में उबालते हैं। फिर ठंडा करके कपड़े में छानकर आंखों में डालने से लाभ मिलता है।

20. बच्चों के आंखों का दर्द : थोड़ा सा साबुत धनिया पानी में उबालते हैं फिर ठंडा करके कपडे़ में पोटली बांधकर ठण्डे पानी में डुबो देते हैं। 10 मिनट बाद निकालकर उसे बच्चे की आंखों पर फेरने से दर्द में लाभ मिलता है।

21. शक्तिवर्द्धक : शक्ति को ऊर्जा भी कहते हैं। यह ऊर्जा मनुष्य को भोजन से मिलती है। परन्तु धनिया इस ऊर्जा को और बढ़ा देता है। इसके लिए आपको खाना खाने के बाद 10 दाने धनिये के मुंह में डालने होंगे। इन दानों को दाढ़ों से कुचलकर इसका रस कंठ (गले) के नीचे उतार लीजिए और दानों को थूक देते हैं। ठीक आधा घंटे बाद आप देखेंगे कि आपके शरीर में गर्मी बढ़ गई। यह गर्मी पसीना लाने वाली गर्मी नहीं होगी वरन यह पाचन क्रिया को सही करने वाली गर्मी होगी जब पाचन क्रिया में वृद्धि होगी तब भोजन समय से तथा ठीक प्रकार से पच जाएगा। इसके बाद उस खून में जो ऊर्जा पैदा होगी। वह पूरे शरीर में फूर्तीलापन लाती है।

22. सौन्दर्यवर्द्धक : यदि साग-सब्जी तथा मसालों के रूप में धनिये का प्रयोग करते हैं तो हमारा रंग निखर जाता है। धनिया का पानी भी त्वचा को निखारता है। इसके लिए धनिये को ताजे पानी में भिगो देना चाहिए। इसे कम से कम 2 घंटे भीगना जरूरी होता है। धनिया के दाने निकालकर पानी से मुंह को धोना चाहिए। ऐसा करने से त्वचा का रंग निखरता है। इस बात का ध्यान रहे कि इसका पानी आंखों में नहीं जाना चाहिए क्योंकि यह पानी शीतल तत्व का होता है जो आंखों की पुतलियों को हानि पहुंचा सकता है। इस क्रिया को लगातार 30 दिनों तक करना चाहिए।

23. शरीर के भीतरी रोगों का अवरोधक : धनिया शरीर के भीतर धीरे-धीरे पनपने वाले रोगों को रोकता है। कोई नहीं जानता है कि कब और कौन-सा रोग शरीर के भीतर उत्पन्न हो जाए। कभी-कभी कोई सूक्ष्म जीवाणु भोजन के द्वारा शरीर के भीतर प्रवेश कर जाता है तब उससे अन्य हजारों कीटाणु और जीवाणु पैदा हो जाते हैं। उस हालत में व्यक्ति विभिन्न रोगों से ग्रस्त हो जाता है। धनिये का सेवन किसी न रूप में अवश्य ही करना चाहिए जो लोग सूखा धनिया पसन्द नहीं करते हैं, उनको हरे धनिये का प्रयोग करना चाहिए। हरा धनिया चटनी, साग-सब्जी में ऊपर से डालकर तथा पीसकर प्रयोग किया जा सकता है। धनिये में रोगों से लड़ने की शक्ति होती है। चटनी खाते ही शरीर में बनने वाली गैस भी अपान वायु के रूप में छूटने लगती है। इससे मन स्वच्छ तथा शरीर हल्का हो जाता है। धनिया हैजा के कीटाणुओं को भी पनपने नहीं देता है।

24. चोट : धनिये का प्रयोग बाहरी चोट पर किया जाता है जैसे यदि कभी बंद चोट लग जाए, स्याह नीले रंग के धब्बे पड़ जाए या चोट कसक रही हो तो धनिये की पोटली तैयार करके चोटिल स्थान पर बांधना चाहिए। इसके लिए थोड़े से दाने धनिया और 2 गांठे हल्दी इन दोनों को लेकर खूब बारीक पीस लेना चाहिए। इसको टिकिया बनाकर चोट पर रखकर पट्टी बांध देना चाहिए। इससे चोट की सूजन कम होकर दर्द कम हो जाता है। रोगी को इतना अधिक आराम मिलता है कि वह 3-4 दिन में काम करने लायक हो जाता है।

25. अफारा (पेट का फूलना) : धनिये का शर्बत अफारा में बहुत लाभकारी होता है। इसके लिए 50 ग्राम धनिया को 2 लीटर में उबाल लेते हैं। इसके बाद उबले हुए पानी को ठंडा करके 1 बोतल में भर लेते हैं। धनिये के काढ़े को छान लेते हैं। यह पानी दिन में 3-4 बार लेना चाहिए। यदि पानी मीठा लगे तो एक प्याला पीते समय उसमें थोड़ा-सा कालानमक डाल लेते हैं। इससे स्वाद बढ़ जाता है और काला नमक शरीर को लाभ पहुंचाएगा। धनिये के पानी से हाथ-मुंह भी धोना चाहिए। इससे पसीने की दुर्गंध काफी समय के लिए दूर हो जाती है।

26. सीने में जलन : सीने में जलन, गर्मी के प्रभाव, बासी भोजन करने, खट्टी डकारें आने, अम्लपित्त बनने आदि के कारण होती है। उस समय रोगी को बड़ी बेचैनी होने लगती है। रोगी शीघ्र ही घबरा जाता है। उसे लगता है कि जैसे उसका दिल बैठा जा रहा है। ऐसी हालत में रोगी को 5 ग्राम सूखा धनिया, 2 ग्राम कालानमक, 1 ग्राम हींग, 5 ग्राम अजवायन का चूर्ण बनाकर दिन में 3-4 बार देना चाहिए। जलन अपने आप बंद हो जाती है। इसके बाद चावल, खुश्क चीजें, तली हुई वस्तुएं आदि भोजन के साथ नहीं लेनी चाहिए। दूध ठंडा करके दिन में कई बार लेना चाहिए। हरा धनिया और हरा पुदीना इन दोनों की चटनी खाने से भी लाभ होता है। जहां तक हो सके खट्टी चीजों को नहीं लेना चाहिए। क्योंकि खट्टी चीजें सीने की जलन को बढ़ा देती हैं। भोजन के बाद टहलना भी चाहिए तथा शरीर में कब्ज नहीं बनने देना चाहिए।

27. अंगों की टूटन : शरीर के अंग अक्सर शक्ति से बाहर कार्य करने के कारण टूटने लगते हैं। कभी-कभी थकावट के कारण भी अंगों में टूटने की क्रिया पैदा होती है। होता यह है कि जब शारीरिक ऊर्जा अपने सामर्थ्य से अधिक खर्च हो जाती है तो अंगों में टॉक्सिन (एक प्रकार का विकार) पैदा हो जाता है। ऐसी अवस्था में शरीर के अंग-अंग में दर्द हो जाता है। इस दशा में व्यक्ति का काम करने में मन नहीं लगता है। शरीर को मालिश करने की जरूरत महसूस होने लगती है। हर समय समय आराम करने का मन करता है। इसके लिए रोगी को नमक और धनिये के घोल में थोड़ी देर तक बैठना चाहिए। अंगों को इस घोल से धीरे-धीरे धोना चाहिए। इसके अतिरिक्त 100 ग्राम धनिया, 10 ग्राम नमक और 5 ग्राम हींग पानी में डालकर उस पानी को अच्छी तरह से खौला लेना चाहिए। फिर उस पानी की भाप लेनी चाहिए। इससे अंगों की जलन को आराम मिलता है। यह पानी घूंट-घूंट करके भी पिया जा सकता है। इसे पीने से मांसपेशियों को बल मिलता है।

28. फ्लू का रोग : फ्लू या इन्फ्लूएंजा में पहले जुकाम होता है। नाक बहनी शुरू हो जाती है। फिर शरीर अलसाने लगता है। धीरे-धीरे व्यक्ति को बुखार हो जाता है। शरीर में बेहद दर्द होने लगता है। रोगी का माथा और पेट दुखने लगता है। कमर तथा पिण्डलियां जैसे टूटने लगती हैं। कभी-कभी तो रोगी को 104 या 105 डिग्री बुखार हो जाता है। अत्यधिक थकावट के कारण भी ज्वर का रोग हो जाता है। इसमें रोगी को कभी ठण्ड लगने लगती है तो कभी-कभी पसीना आने लगता है। यह छूत का रोग है। यदि यह घर में किसी एक को होता है तो पूरे परिवार में फैल जाता है। अत: रोगी को निराशा के संसार से निकलकर घरेलू उपचार शुरू कर देना चाहिए। इसके लिए 4 दाने कालीमिर्च, 5 तुलसी की पत्तियां और 20 दाने धनिये की चाय बनाकर रोगी को दिन में 4 बार देना चाहिए। चाय में थोड़ी सी अदरक भी डाली जा सकती है।

29. पेट में कीडे़ : पेट में कीड़े उस हालत में पड़ते हैं जब किसी कारणवश मल साफ नहीं होता है। इस दशा को इस रूप में समझना चाहिए कि प्राय: ऊपरी मल तो बाहर निकलता रहता है। परन्तु आंतों में भीतरी रूप में जमा रहता है जैसे किसी नाली की तली में रेत जमा होती रहे और पानी के साथ ऊपर का कूड़ा बहता रहे। इस दशा में सुधार न होने पर कीड़े पैदा हो जाते हैं जो मनुष्य को कमजोर करते रहते हैं। अक्सर नथुनों और जीभ में खुजली सी मची रहती है। शरीर में प्रमाद हो जाता है। काम करने में मन नहीं लगता है। भूख भी घट जाती है। इसके लिए सबसे पहले इच्छाभेदी रस की 2 गोलियां खाना खाने के बाद रात को लेनी चाहिए। सुबह जब खुलकर दस्त हो जाए धनिया के योग से तैयार की गई औषधि को देना चाहिए। 1 पका केला लेकर उसमें धनिये का चूर्ण थोड़ा-सा सेंधानमक और हींग को पीसकर हलुवे की तरह मिला लेना चाहिए। इससे पेट के कीड़े नष्ट हो जाएंगे। इसमें हमें अधिक मल बनाने वाली गरिष्ठ चीजें नहीं खाना चाहिए। कीड़ों के निकलते ही मुंह की खश्की दूर हो जाती है और रोगी को नींद भी अच्छी आती है। मूली का रस भी लाभकारी होता है परन्तु जाड़े के मौसम में मूली का रस गर्म करके लेना चाहिए।

30. त्वचा की खुजली : त्वचा की खुजली अक्सर गंदे रहने, पसीने, या फिर छूत के कारण होती है। इसमें पहले छोटे-2 दाने निकलते हैं फिर उन दानों में खुजली मचने लगती है। खुजलाने से त्वचा छिल जाती है और कभी-कभी बड़ा कष्ट होता है। इस दशा से बचने के लिए वैसलीन में, गंधक और धनिये को पीसकर तथा कपडे़ में छानकर मिला लें। इस मलहम को खुजली वाले स्थान पर दिन भर में 3-4 बार लगायें। इससे काफी आराम मिलेगा। नीम को पानी में उबालकर उसके पानी से नहायें। नीम `एंटीसेप्टिक` है। यह त्वचा को धोकर उसमें कीटाणु पनपने नहीं देती है। शरीर को साफ रखें। अधिक गर्म या अधिक ठण्डी चीजें न खाएं। अपने कपड़ों को घर के अन्य लोगों से अलग रखें। जहां तक हो सके हल्का या पचने वाला भोजन लें। चोकर की रोटी खुजली में अधिक लाभदायक होती है।

31. जिगर में गर्मी का प्रकोप : जिगर में कभी-कभी ठण्डी और कभी गर्म चीजें खाने के कारण हल्की गर्मी का प्रकोप हो जाता है। इसमें रोगी को विशेष कष्ट तो नहीं होता परन्तु खून में खराबी उत्पन्न हो जाने के कारण रोगी का शरीर निस्तेज होता है। ऐसी दशा में रोगी को हल्की और पचने वाली वस्तुओं का सेवन करना चाहिए। इसके लिए मसालेदानी की औषधि भी हमारी सहायता कर सकती है। थोड़ा-सा सूखा धनिया लेकर उसे भून लेते हैं। फिर उसे चूर्ण के रूप में तैयार कर लेते हैं। इस चूर्ण को शहद के साथ लेते हैं। इससे जिगर की गर्मी दूर हो जाती है। सावधानी : स्मरण रहे कि चाय, काफी या गर्म चीजें न लें। हां छाछ का सेवन किया जा सकता है।

32. जिगर में सूजन : जिगर में सूजन पेट की खराबी या कब्ज से होती है। इसमें भूख कम लगती है। खून भी अधिक मात्रा में नहीं बनता है। रोगी के शरीर में पीलापन रहता है। प्रमोद, सुस्ती, काम में मन न लगना आदि लक्षण दिखाई देने लगते हैं। ऐसी दशा में पहले पथ्य की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। रोगी अधिक कमजोर न हो पाये इसके लिए सबसे पहले उसके पेट को ठीक करना चाहिए। कब्ज को दूर करने के लिए पपीता खिलाना चाहिए क्योंकि पपीता दस्तावर होता है। शहद चाटने से भी लाभ मिलता है। रोटी बनाने के लिए आटे में चोकर की मात्रा अधिक होनी चाहिए। मूंग की दाल की खिचड़ी भी लाभदायक होती है।
सावधानी : दिल की सूजन वाले रोगी को धुली हुई दाल नहीं देनी चाहिए।
इसके लिए घरेलू दवाई के लिए सबसे पहले 50 ग्राम धनिया बारीक कर लें। उसमें मिश्री और 10 ग्राम भुना हुआ जीरा मिला लेते हैं। तीनों चीजों को पीसकर कपड़छन कर लेते हैं। इस चूर्ण को दिन में तीन-चार लेना चाहिए। इससे हृदय की बीमारी जल्दी ही ठीक हो जाती है जब तक रोग रहे, मनुष्य को चाय, काफी, नशीले पदार्थ नहीं लेने चाहिए। हल्का भोजन और आराम आवश्यक होता है।

33. पुट्ठों में दर्द : पुट्ठों में दर्द सर्दी-गर्मी के द्वारा विकार उत्पन्न होने से हो जाता है। इसमें रोगी को बहुत दर्द होता है। इसलिए सबसे पहले खान-पान में संयम बरतना चाहिए। इसके बाद इलाज शुरू करना चाहिए। 20 ग्राम सरसों के तेल में 50 दाने धनियां, 1 पोटी लहसुन और 1 चुटकी नमक डालकर भूनना चाहिए। बाद में इस तेल को छान लेना चाहिए। इसके बाद तेल की धीरे-धीरे मालिश करनी चाहिए। इस क्रिया से पुट्ठों में तनाव और खिंचाव कम हो जाता है। इस क्रिया के दौरान ठण्डी वस्तुएं खाना वर्जित होता है।

34. बवासीर (अर्श) :

  • बवासीर दो प्रकार की होती है वादी बवासीर और दूसरी खूनी बवासीर। खूनी बवासीर में मस्सों से खून आता है। परन्तु बादी में गुदा के भीतर-बाहर मस्से निकल आते हैं, जिनमें खुजली मचती है। ये मस्से कांटे की तरह चुभते हैं। बवासीर अक्सर कब्ज के कारण होती है। यह बड़ा भयंकर रोग है। इससे बचने के विभिन्न उपाय हैं। जैसे भोजन सुपाच्य लेना चाहिए, पेट में कब्ज न बनने दिया जाए अधिक खाने या खाने के बाद मैथुन से बचा जाए। बादी की चीजें जैसे अमरूद, भिण्डी, अरुई, बैंगन, उड़द, अरहर की दाल तथा अधिक वसायुक्त पदार्थ नहीं खाने चाहिए। चावल और बैंगन का प्रयोग भूलकर भी न करें क्योंकि ये दोनों भोज्य पदार्थ वादी और बवासीर वाले व्यक्ति को बहुत हानिकारक होते हैं। इसके उपचार के लिए वैसलीन में पिसा हुआ कत्था, 100 दाने धनिया, 10 बूंद मिट्टी का तेल, सत्यानाशी पौधे की जड़ ये सभी चीजें पीसकर और कपडे़ में छानकर वैसलीन में मिला लेते हैं। इस मरहम को गुदा में लगाने से बवासीर के मस्से ठीक हो जाते हैं। यदि खून निकलता है तो वह भी बंद हो जाएगा।
  • धनिये के काढ़े में मिश्री मिलाकर रोजाना 2-3 बार पीने से खूनी बवासीर ठीक हो जाती है।
  • हरे धनिया का 1 चम्मच रस निकालकर उसमें थोड़ी-सी मिश्री मिलाकर रोजाना सुबह के समय पीने से खूनी बवासीर मिट जाती है।
  • धनिये को मिश्री के साथ मिलाकर चूर्ण बना लें। 1 कप गर्म पानी में 1 चम्मच चूर्ण डालकर रोजाना सुबह-शाम पीने से मलद्वार की जलन तथा खूनी बवासीर ठीक हो जाती है।
  • सूखे धनिये को दूध और मिश्री के साथ मिलाकर सेवन करने से खूनी बवासीर ठीक होती है।

35. हर समय जम्हाइयां आना : यदि हम कुछ लोगों के सामने बैठे हों और उस समय जम्हाई के कारण मुंह को बार-बार फाड़ना पडे़ तो बहुत ही खराब लगता है। इसका आना भी एक रोग है। यह शरीर को आलस्य की पीड़ा में घेरे रहता है। काम में मन नहीं लगता है। यदि काम करना पडे़ तो शीघ्र ही मन ऊब जाता है। जम्हाइयां या तो शरीर में थकावट बनी रहने के कारण आती है या फिर नींद ठीक से न आने के कारण। इसके लिए धनिये का चूर्ण गर्म पानी के साथ लेना चाहिए। यदि यह बीमारी सी बन गई हो तो 20 दाने धनिये को एक लीटर पानी में उबालकर इस पानी से मुंह धोना चाहिए, जम्हाइयां आनी अपने आप ही बंद हो जाएगी।

36. मिर्गी का रोग : इस रोग में व्यक्ति को बेहोशी के दौरे पड़ने लगते हैं। मुंह से झाग भी आने लगती है। मिर्गी के दौरे अक्सर दिमाग की नाड़ियों में विकार आने से होने लगता है। मिर्गी के दौरे पड़ने के बाद लोग रोगी को जूता सुंघाते हैं, उसके सिर के बालों को पकड़कर खींचते हैं जो गलत काम है। ऐसे व्यवहार रोगी के साथ भूलकर भी नहीं करना चाहिए। दौरा पड़ने की हालत में रोगी को खाट पर लिटा देना चाहिए। इसके बाद रोगी के मुंह पर पानी के छींटे मारें, जब रोगी को होश आ जाए तो उसे धनिये के पानी में लाहौरी नमक मिलाकर पिलायें। इससे कुछ दिनों बाद रोगी को दौरे पड़ने बंद हो जाते हैं। रोगी से ऐसी बात कभी नहीं कहनी चाहिए जिससे कि उसे कुछ सोचने का अवसर मिले। चिन्ता से रोगी को बचाये रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य होता है।

37. मुंह का पक जाना : इस रोग में जीभ, तालु, गलपटों आदि सभी जगहों पर छाले निकल आते हैं। इन छालों में कांटे से चुभते हैं और रोगी को दर्द भी होता है। इसके लिए देशी घी में 5 ग्राम धनियां और 5 ग्राम पिसा कत्था, दोनों चीजों को पीसकर मिला लेना चाहिए। फिर इस मरहम को छालों पर लगाकर लार टपका देनी चाहिए। 2 दिन में छाले सूखने शुरू हो जाते हैं। छालों का इलाज करने से पहले यदि पेट को साफ कर लिया जाए तो काफी लाभ होता है। कभी-2 ये छाले आंतों में होने वाली गर्मी से भी हो जाते हैं। छालों में कम नमक का फीका भोजन लेना चाहिए। दूध, नींबू की गर्म शिकंजी, दलिया, साबूदाना आदि छालों के समय काफी लाभकारी रहते हैं।

38. मूर्च्छा आना : बेहोशी आने की हालत में रोगी को अपने शरीर का होश नहीं रहता है। वह अधिक कमजोरी अनुभव करता है और आंखों के सामने अंधेरा छा जाने के कारण गिर जाता है या फिर खाट पर लेटने के साथ ही बेहोश हो जाता है। इसके लिए 1 कप पानी में 10 ग्राम धनियां और 4 पत्ते तुलसी के डालकर उबालना चाहिए जब पानी आधा शेष रह जाए तब इसे उतारकर ठंडा कर लेना चाहिए। इसके पानी को चम्मच से रोगी के मुंह में डालना चाहिए। 4-5 बूंदे पानी नथुने में भी डालने चाहिए। ऐसा करने से कुछ ही क्षणों बाद बेहोशी दूर हो जाती है। होश आ जाने पर 10 दाने धनिये के, 4 बूंद अदरक का रस और 4 बूंद तुलसी का रस शहद के साथ चटाना चाहिए और रोगी से कोई भारी काम नहीं लेना चाहिए।

39. मोटापा दूर करना : शरीर में चर्बी बढ़ जाने के कारण मोटापा पैदा हो जाता है। मोटे पुरुष या स्त्री का रक्तचाप बढ़ जाता है। इसका मुख्य लक्षण यह है कि वायु संचरण में बाधा पड़ती है। त्वचा फूल जाती है जिसके कारण शरीर पूर्णरूप से वायु ग्रहण नहीं कर पाता है। अधिक चर्बी के कारण दिल पर भी प्रभाव पड़ता है। दिल धीमी गति से कार्य करना शुरू कर देता है। इसके लिए मोटे व्यक्ति को सर्वप्रथम हल्का व्यायाम करना चाहिए। इसके अन्तर्गत सुबह-शाम टहलना, योगासन करना, चिकनाई वाले पदार्थ त्याग देना आदि क्रियाएं काफी लाभदायक होती हैं। सुबह 2 चम्मच अदरक का रस शहद के साथ लेना चाहिए। कभी भरपेट भोजन नहीं करना चाहिए। चावल, राबड़ी अधिक दूध, स्नेहयुक्त पदार्थों का सेवन बंद कर देना चाहिए। अनन्नास का प्रयोग नियमित रूप से करना चाहिए। तेल की मालिश करना भी आवश्यक होता है। औषधि के रूप में 10 ग्राम सूखा धनिया, 20 ग्राम गुलाब के सूखे फूल और मिश्री को मिलाकर 2 चुटकी सुबह और 2 चुटकी शाम को दूध के साथ लेना चाहिए। इससे चर्बी कम हो जायेगी और मोटापा दूर हो जाएगा।

40. सिर में असहनीय पीड़ा : सर्दी, जुकाम के कारण यदि सिर में दर्द हो रहा तो घबराना नहीं चाहिए। सबसे पहले तो रूई के फोहे से गला, माथा तथा सीना सेकना चाहिए। सिंकाई कम से कम 10 मिनट तक करनी चाहिए। इसके बाद पिसा हुआ धनिया पानी के साथ गर्म करके माथे पर लेप करना चाहिए। यदि सिर में झनझनाहट हो रही हो तो सबसे पहले कुछ देर के लिए आराम करना चाहिए। इसके बाद तुलसी की 2 पत्तियों को 2 कालीमिर्च के दानों के साथ पीसकर चबाना चाहिए। धनिया और तुलसी का रस मिलाकर माथे पर लगाने से आराम मिलता है।

41. मनोविकारों से मुक्ति के लिए : मन में अश्लील विचार आने, क्रोधी स्वभाव, घमंड तथा गालीगलौज, पूर्ण वार्तालाप से मन को मुक्त करने में तथा स्वप्नदोष में धनिया बहुत ही उपयोगी सिद्ध हुआ है। इसके लिए धनिया 25 ग्राम, 5 ग्राम देशी बबूल का गोंद तथा 5 ग्राम कपूर को बारीक पीसकर व थोड़े से ताजा पानी में मिलाकर मटर के दाने के बराबर गोलियां बनाकर रख लेते हैं। ये 4-4 गोली सुबह-शाम ठंडाई के साथ कुछ ही दिनों तक लेने से उपरोक्त मनोविकारों से मुक्ति मिलती है।

42. आंखों की सुरक्षा : हरे धनिये के पत्तों का रस निकालकर रोजाना 3-4 बार आंखों में डालते रहने से उनकी गर्मी शांत हो जाती है तथा आंखों की जलन, धुंध, लाली, दर्द आदि रोगों में फायदा होता है।

43. सूजाक : 250 ग्राम हरे धनिये का रस, 50 ग्राम ब्रांडी तथा 15 ग्राम चन्दन के तेल को अच्छी तरह से मिलाकर किसी कार्क वाली बोतल में भरकर 1 सप्ताह के लिए बंद रखी रहने देते हैं। इसके बाद 10-12 ग्राम सुबह-शाम सेवन करने से मूत्रमार्ग की जलन, मवाद आना, पीव निकलना या रुधिर टपकना आदि रुक जाता है। यह सूजाक जैसे भयंकर रोग की सबसे सरल और सबसे उपयोगी दवा है। इस रोग से ग्रसित रोगियों को इसका लाभ अवश्य उठाना चाहिए।

44. खटमल, मच्छर आदि : यदि खाट में खटमल हो गये हैं और वे रात दिन मनुष्य का खून चूसते हैं तो नौसादर, पिसा धनिया और अजवायन को तीनों को मिलाकर खाट पर बुरक दीजिए खटमल खाट को छोड़कर भाग जाएंगे। यहीं चूर्ण दीमकों को भी नष्ट करने के लिए उपयोगी होता है। इसी प्रकार धनिया स्वास्थ्य के छींटे अपने अन्य उपायों से भी लाता है। यदि हम धनिये को उपले की आग पर डाल दें घर के कोनों में बसेरा कर रहे मच्छर भाग जाएंगे। धनिये द्वारा बनाया गया धुंआ वातावरण को शुद्ध करता है।

45. विषमारक : बारिश के मौसम में घर में परदार चींटे काकरोच, घेंसे, मक्खियां आदि अपना अड्डा बना लेती हैं। उस दशा में तरह-तरह के रोग फैलने का डर बना रहता है। उस समय धनिया और नीम की पत्तियों की धूनी घर में देनी चाहिए। नीम की पत्तियों को सुखाकर धनिये के साथ पीस लेनी चाहिए। फिर इस चूर्ण को काकरोच और घेंसों पर डालना चाहिए। दोनों या तो नष्ट हो जाएंगे या फिर अपना घर छोड़ देंगे। साधारण धनियां विषनाशक (जहर को समाप्त करने वाला) भी होता है। प्रकृति ने इसमें रोगरोधक शक्ति भरी है। प्रत्येक घर के मसालेदानी में धनिये का होना आवश्यक होता है। धनिया में पेशाब के रोगों को नष्ट करने की शक्ति होती है। इसलिए जिसे हम जितनी मात्रा में लेते हैं। उससे अधिक यह हमारे शरीर की सफाई करता है। यह शरीर में अमृत रस बढ़ाती है तथा विषैले पदार्थों को मल या पेशाब के जरिये बाहर निकाल देती है। कुछ लोगों का कहना है कि धनिया जहर को बढ़ाता है। यदि हम उसकी बात का विश्वास कर लें तो भी धनिये से बहुत ही अधिक लाभ होते हैं।

46. धनिया दाल व सब्जी को स्वादिष्ट बनाता है : जिस साग-सब्जी में मसाले के साथ धनिये का प्रयोग किया जाता है। वह साग-सब्जी स्वादिष्ट हो जाती है। उसका मटमैला रूप निखर जाता है। खाने में स्वाद बढ़ जाता है। इसके प्रयोग से सब्जी के खराब तत्व अपने आप ही नष्ट हो जाते हैं जब साग-सब्जी ठीक प्रकार से बनती है तो इससे पेट की आग शान्त हो जाती है। मानव उसका प्रयोग रुचि के साथ करता है जोकि अनजाने में ही दवा का काम करता है। यदि हम साग-सब्जी में धनिये का प्रयोग बंद कर देते हैं तो दिनों-दिन निखार से दूर होते जाएंगे और शीघ्र ही हमें कोई न कोई बीमारी घेर लेगी।

47. धनिया वृद्धावस्था को दूर करता है : सूखा धनिया दाल तथा साग-भाजी में जरूर डालना चाहिए क्योंकि यह चेहरे की झुर्रियों को दूर करता है। इसमें ऐसे रोगों को दूर करने की शक्ति होती है जो बुढ़ापे में अक्सर हो जाया करते हैं। बूढ़ों को गर्म पानी में 10 ग्राम धनिये के दाने डालकर कुछ देर तक स्नान करना चाहिए। इस पानी में त्वचा को सुरक्षित करने की शक्ति होती है जब कभी त्वचा ढीली पड़ जाए या फिर सिर के बाल झड़ने लगे तो धनिया डालकर उबाले हुए पानी का सेवन करना चाहिए। यह शरीर में जहर को बनने नहीं देता है। इस प्रकार धनियां रोग नाशक, वृद्धावस्था को भगाने वाला तथा शरीर की शक्ति को संचित करने वाला होता है।

48. धनियां शरीर के रंग को निखारता है : धनिये में एक प्रकार का क्षारीय तत्व होता है जो त्वचा को धो देता है। इस तत्व के कारण ही शरीर में गोरापन आ जाता है। यदि हम उबले या कच्चे चनों पर धनिया को बुरक लेते हैं तो यह सोने में सुहागा का कार्य करता है। यह शरीर के भीतर पहुंचकर आंतों की गर्मी को बढ़ा देता है। फिर यह धीरे-धीरे कमजोर अंगों को सबल बना देता है। यदि किसी मनुष्य की टांगों में कमजोरी हो तो यह चलने फिरने की शक्ति को बढ़ाता है। गर्मी या सर्दी के प्रभाव को रोकता है। वरना व्यक्ति मौसम के प्रभाव से शीघ्र ही रोगी हो सकता है।

49. धनिये का अधिक मात्रा में उपयोग हानिकारक नहीं होता : घरों में कचौड़ी बनाने के लिए पिट्ठी तैयार की जाती है परन्तु उस पिट्ठी में जब तक धनिया नहीं मिलाया जाता है तब तक पिट्ठी ठीक नहीं बन पाती है। इससे एक ओर तो कचौड़ी का स्वाद बढ़ जाता है और दूसरी ओर कचौड़ी की गर्मी दूर हो जाती है जो पेट में पहुंचकर अपनी गर्मी से आंतों को किसी प्रकार की हानि नहीं पहुंचाती है। आंतों के दांत नहीं होते हैं। परन्तु धनियां आंतों के दांतों का काम करता है। इससे शरीर को विनाश की ओर ले जाने वाले तत्व नष्ट हो जाते हैं। शरीर में रोगाणु पनपने नहीं पाते हैं। पानी के दूषित तत्वों को नष्ट करने की भी इसमें शक्ति है। असल में धनिया ऊर्जा को स्थायी करते हुए चलने फिरने की शक्ति को बनाएं रखता है। यदि शरीर में फोड़े-फुन्सी निकल आये तो इसके प्रयोग से वे शीघ्र ही सूख जाते हैं। यदि धनिये का पानी (dhaniya ka pani ke fayde)इस्तेमाल किया जाता है तो यह एक प्रकार का जीवन रस बनकर खून को शुद्ध करता है।

50. आघात की दशा : शरीर का कोई अंग कुचल जाए, चिर जाए, बिंध जाए तो इस घटना को आघात कहते हैं या फिर शरीर का कोई भाग दब जाए तो वह भी आघात की सीमा में आता है। इसके लिए यदि गुप्त चोट लगी हो तब तो दूसरा उपाय करना चाहिए परन्तु यदि खून बहने लगा हो तो सबसे पहले उसे बंद करना चाहिए। जख्म के ऊपर पानी में भीगी पट्टी बांध देनी चाहिए। यदि चोट के कारण जख्म हो गया हो तो पिसी हल्दी और पिसे धनिये को देशी घी में मिलाकर लगाना चाहिए। यह उपचार बिना धार वाले हथियार जैसे लाठी आदि के लग जाने पर भी लाभदायक होता है। यदि तेज धार वाली चीज लग गई हो सर्वप्रथम घाव को स्प्रिट से साफ करना चाहिए। इसके बाद घाव पर केवल धनिये का मलहम लगाना चाहिए।

51. मसूढ़ों से खून आना : यदि मसूढ़ों से खून आता हो तो धनिये को पानी में उबालकर धीरे-धीरे उस पानी से कुल्ले करने चाहिए। यदि शरीर में कमजोरी अधिक हो तो कपड़े को धनिये के पानी में तर करके खून निकलने वाले स्थान पर रखना चाहिए। इससे खून निकलना बंद हो जाता है।

52. सिर में चोट लगना : यदि सिर में गुम चोट लगी हो तो सरसों के तेल में पिसा हुआ धनिया डालकर उस तेल में कपड़े के फाहे को भिगोकर चोट वाले स्थान पर धीरे-धीरे सेंक करना चाहिए। चोट वाले स्थान पर धनिया की पोटली भी रखी जा सकती है।

53. स्याह (नीला) पड़ जाना : नीला दाग शरीर में खून जमा हो जाने के कारण पड़ता है। अक्सर गिर पड़ने, चोट खाने, मार-पीट आदि के कारण ऐसा होता है। उस स्थान पर रह-रहकर दर्द तथा टीस उठती है। रोगी को किसी भी दशा में चैन नहीं पड़ता है। ऐसी दशा में 10 ग्राम धनिया, 5 ग्राम हल्दी, 2 पुती लहसुन और ग्वार का पत्ता- इन चारों चीजों को सरसों के तेल में अच्छी तरह से पकाना चाहिए। फिर तेल को छानकर साफ शीशी में भर लेना चाहिए। इस तेल को रूई के फाहे पर डालकर चोट वाले स्थान पर लगाकर पट्टी बांध देने से चोट में आराम आ जाता है।

54. मोच आ जाना : ऊंची नीची जगहों पर पैर पड़ जाने या शक्ति से अधिक सामान उठाने के कारण मोच आ जाती है। उस समय नस अकड़ जाती है। इसमें एक प्रकार का खिंचाव आ जाता है। इससे रोगी को बड़ा कष्ट होता है। उसे किसी भी करवट चैन नहीं पड़ता है। ऐसी दशा में 10 ग्राम पिसा हुआ धनिया, 5 ग्राम हल्दी और 5 ग्राम जीरा को तिल्ली के तेल में अच्छी तरह से पका लेना चाहिए। कुछ देर तक मोच वाली जगह पर धीरे-धीरे मालिश करने से लाभ मिलता है।

55. बच्चों की हड्डी उतर जाना : बच्चों को इधर-उधर तथा उल्टा-सीधा घुमाने से हड्डी उतर जाती है। जिससे बच्चा बहुत तेज रोने लगता है। इसकी सीधी सी पहचान है कि बच्चे के सभी अंगों को बारी-बारी से परखना चाहिए। जब लक्षण स्पष्ट हो जाएं तो पहले धीरे-धीरे खींचकर हड्डी को यथा स्थान पर बैठाना चाहिए। हड्डी को ठीक स्थान पर बैठाने का सबसे सरल उपाय यह है कि हड्डी उतरे हुए स्थान पर एक कपड़ा बांध देना चाहिए। फिर धीरे-धीरे बांह, टांग आदि को खींचकर सही कर लेना चाहिए। हड्डी के यथा स्थान पर बैठ जाने के कारण भी दर्द होता रहता है। इसके लिए हल्दी व धनिये का तेल हड्डी उतरे हुए स्थान पर धीरे-धीरे मलना चाहिए। आधा आराम तो उसी क्षण हो जाता है। शेष दर्द 2-3 दिनों में ही रफूचक्कर हो जाता है। हड्डी के जोड़ में भी मजबूती आ जाती है।

56. डंक लगना या मारना : डंक, बिच्छू, बर्र, मधुमक्खी, आदि किसी का भी हो सकता है। इसके लिए बारीक सुई या चिमटी से सबसे पहले डंक निकालना चाहिए। इसके बाद हरा धनिया पीसकर डंक वाले स्थान पर पट्टी बांध देनी चाहिए। 20 मिनट में डंक का जहर उतरने लगता है और रोगी को आराम मिलने लगता है। डंक वाले स्थान पर सूखा धनिया पानी में पीसकर रगड़ने से भी जहर का असर कम हो जाता है।

57. कुत्ते के काटने पर :कुत्ते के काटे हुए स्थान पर थोड़ा सा धनिया, 2 चुटकी सोडा, 2 चुटकी हल्दी और 2 कली लहसुन आदि की पोटली बनाकर बांधनी चाहिए। यदि घाव अधिक गहरा हो तो इंजेक्शन भी लगवाना चाहिए।

58. चक्कर आना : आंवले और हरे धनिये के रस को पानी में मिलाकर पीने से चक्कर आना बंद हो जाता है।

59. पीलिया : पीलिया का रोग होने पर धनिये का रस पीने से लाभ पहुंचता है।

60. बच्चों के मुंह के सफेद छाले : लगभग 5 ग्राम धनिये को 100 ग्राम पानी में रात में भिगोकर सुबह मसलकर छानकर तैयार हिम, फांट या काढे़ से कुल्ले कराने से बच्चों के मुंह के सफेद छाले मिट जाते हैं।

61. थायराइड ग्रन्थि का बढ़ना : थायराइड ग्रन्थि बढ़ जाए, क्रिया उच्च या निम्न हो जाए तो 5 चम्मच सूखा साबुत धनिया 1 गिलास पानी में तेज उबालकर छानकर रोजाना सुबह और शाम रोगी को पिलाएं।

62. आंख आना : धनिये का काढ़ा तैयार करके अच्छी तरह से छान लें। अब इस काढ़े को बूंद-बूंद करके हर 2-3 घण्टों में आंखों में डालने से आंखों में आराम आता है। इस काढ़े को आंखों में डालने की शुरुआत करने से पहले आंखों में एक बूंद एरण्ड तेल (कैस्टर आयल) डाल लें। यह आंख आने और आंखों के दर्द की बहुत लाभकारी दवा है।

63. वात-कफ ज्वर :

  • धनिया, देवदारू, कटेली और सोंठ को बराबर मात्रा में लेकर काढ़ा बनाकर प्रयोग करने से वात का बुखार समाप्त हो जाता है। इससे भोजन ठीक से पचता है और भूख भी तेज हो जाती है।
  • 6-6 ग्राम धनिया, लाल चन्दन, नीम की छाल, गिलोय और पद्याख को लेकर लगभग 350 मिलीमीटर पानी में डालकर अच्छी तरह से पकाकर काढ़ा बना लें, जब काढ़ा आधा बच जाये, तब इसे उतारकर छान लें, फिर इस काढ़े में शहद को मिलाकर रोजाना सुबह और शाम खुराक के रूप में पीने से वात और पित्त के बुखार समाप्त हो जाते हैं।

64. दमा :

  • धनिया और मिश्री को चावल के पानी के साथ पीसें, फिर उसी पानी को छानकर पिलाने से बालकों का खांसी और दमे का रोग नष्ट हो जाता है।
  • दमे के रोगी को धनिये की पत्तियों के रस में सेंधानमक मिलाकर पिलाने से लाभ होता है।

65. वात-पित्त का बुखार : सूखा धनिया, यव, इन्द्र, पित पापड़ा, पटोल (परवल) के पत्ते और नीम की छाल को बराबर मात्रा में लेकर काढ़ा बना लें। इस काढ़े को बनाकर 4-4 घण्टे के बाद रोगी को देने से वात-पित्त का बुखार उतर जाता है।

66. बुखार :

  • धनिये की थोड़ी सी गिरी ठण्डे पानी से लेने से बुखार में लाभ मिलता है।
  • धनिये का काढ़ा मिश्री तथा शहद के साथ मिलाकर पीने से बुखार आने की जलन और प्यास में लाभ होता है।
  • धनिया तथा पित्तपापड़ा को बराबर मात्रा में लेकर काढ़ा बनाकर पीने से जीर्ण-बुखार उतर जाता है।

67. बालों के रोग : हरे धनिये का रस सिर के गंजे स्थान पर लगाने से बाल उग आते हैं।

68. खांसी :

  •  2 चम्मच धनिया और मिश्री को बराबर मात्रा में पीसकर एक कप पानी (चावल भिगोया हुआ पानी) के साथ रोगी को पिलाने से खांसी में लाभ मिलता है।
  • यदि छाती पर बलगम जम गया हो तो 50 ग्राम कुचला धनिया, 10 ग्राम कालीमिर्च, 5 ग्राम लौंग और 100 ग्राम सोंठ को लेकर चूर्ण बना लेते हैं। इसमें से आधा चम्मच चूर्ण सुबह शहद के साथ चाटने से खांसी में लाभ होता है।

69. रतौंधी (रात में न दिखाई देना) :

  • सब्जियों में हरा धनिया डालकर बच्चों को खिलाने से रतौंधी (रात मे न दिखाई देना) का रोग कम हो जाता है।
  • हरे धनिये की पत्तियों की चटनी को थोड़ा ज्यादा मात्रा में रोजाना भोजन के साथ खाने से रतौंधी (रात में न दिखाई देना) रोग मिट जाता है। इस चटनी को दाल, कढ़ी, साग (सब्जी) और रायतें में मिलाकर भी खाया जा सकता है।

70. बच्चों का पेट फूलना : 1 से 4 बूंद धनिये के तेल को मिश्री के साथ देने से बच्चों के पेट की गैस से राहत मिलती है।

71. डकार के आने पर : धनिया और भरड्डी को पानी में पकाकर पीने से डकार आना रूक जाती है।

72. जीभ और त्वचा की सुन्नता : हरा धनिया के सेवन से जीभ व त्वचा की सुन्नता ठीक हो जाती है।

73. यात्राजन्य रोग : धनिये के थोड़े से दाने मुंह में रखकर चबाते रहने से यात्रा करते समय मिचली (उबकाई) नहीं आती है।

74. जुकाम : 125 ग्राम धनिये को पीसकर आधा किलो पानी में डालकर उबाल लें। उबलने पर जब पानी चौथाई हिस्सा बाकी रह जाये तो इसे छानकर इसमे 125 ग्राम मिश्री डालकर फिर गर्म करने के लिए रख दें। जब गर्म होने पर यह गाढ़ा हो जाये तो इसे आग पर से उतारकर रोजाना 10 ग्राम तक चाटें। इससे दिमाग की कमजोरी से होने वाला जुकाम ठीक हो जाता है और दिमाग की कमजोरी भी दूर हो जाती है।

75. आंव :

  • धनिये और सोंठ को मिलाकर काढ़ा बनाकर पीने से पेट की आंव (दस्त में एक प्रकार के सफेद चिकना पदार्थ का आना) में आराम मिलता है।
  • 50 ग्राम हरे धनिया में 25 ग्राम सौंफ को अच्छी तरह से पीसकर 1 गिलास पानी में मिलाकर छानकर सेवन करने से आंव (दस्त में एक प्रकार के सफेद चिकना पदार्थ का आना) का आना बंद हो जाता हैं।

76. दस्त :

  • हरा धनिया, सूखा हुआ धनिया, कच्चा और भुना हुए जीरा को मिलाकर पीसकर खाने से दस्त का आना बंद हो जाता है।
  • सूखे धनिए के चूर्ण में थोड़ा-सा काला नमक मिलाकर रख लें, फिर इस चूर्ण को 1 चम्मच की मात्रा में खाना खाने के बाद खाने से दस्त रुक जाते हैं।
  • धनियां और काले नमक को डालकर चूर्ण बनाकर खाना खाने के बाद सुबह और शाम सेवन करने से दस्तों के रोग में लाभ मिलता है।
  • हरा धनिया, काला नमक, काली मिर्च को लेकर चटनी बनाकर रोगी को चटाने से दस्त में लाभ मिलता है।
  • 1 चम्मच पिसे हुऐ धनिये को सेंककर पानी के साथ लेने से दस्तों का आना बंद हो जाता है।
  • धनिये को पकाकर काढ़ा बनाकर उसमें मिश्री मिलाकर पीने से दस्त आना बंद हो जाते हैं।
  • धनिये और काले नमक को मिलाकर खाना खाने के बाद 1 चम्मच के रूप में ठण्डे पानी के साथ पीने से दस्तों में आंव (एक प्रकार का सफेद चिकना पदार्थ जो मल के द्वारा बाहर निकलता है) और मरोड़ का आना बंद हो जाता है।

77. गर्भवती स्त्री की उल्टी में :

  • 20 ग्राम धनिये को 200 मिलीमीटर पानी में उबालकर इसमें एक चौथाई रस रह जाने पर इसे छानकर इसमें चीनी मिलाकर सुबह-शाम पिलाने से गर्भवती स्त्री की उल्टी बंद हो जाती है।
  • गर्भवती स्त्री को उल्टी आने पर एक भाग धनिया और 2 भाग मिश्री को 1 चम्मच के लगभग चावल के पानी के साथ मिलाकर सुबह-शाम सेवन करने से बहुत लाभ मिलता है। अधिक जी मिचलाने में इसे दिन में 3-4 बार तक दिया जा सकता है। सूखे धनिये के कुछ दाने बीच-बीच में चबाने से गर्भावस्था की मिचली (जी मिचलाना) बंद हो जाती है।
  • सूखा धनिया 25 ग्राम की मात्रा में पीसकर इसमें 25 ग्राम की मात्रा में चीनी मिला देते हैं। इसे लगभग 5-5 ग्राम की मात्रा में सुबह-शाम पानी के साथ सेवन करने से गर्भवती स्त्री की उल्टी बंद हो जाती है।

78. हिचकी का रोग : 10 ग्राम धनिया, 10 ग्राम सौंफ, 5 ग्राम कालानमक, 5 ग्राम सेंधानमक, 10 दाने कालीमिर्च को एक साथ पीसकर चूर्ण बना लें। हिचकी आने पर इसे 2 चुटकी शहद के साथ सेवन करने से हिचकी में लाभ होता है।

79. हकलाना, तुतलाना : अमलतास के गूदे और हरे धनिये को पीसकर रख लें तथा लगातार 21 दिन तक कुल्ला करें। इससे जीभ पतली हो जाती है और हकलापन दूर होता है।

80. मूत्ररोग :

  • 250 मिलीमीटर पानी में 10-15 ग्राम धनिये को रात में भिगो दें। सुबह धनिये को पीसकर उसी पानी में निचोड़कर छान लें और ताल मिश्री या सफेद शहद मिलाकर रोजाना सुबह पीने से पेशाब के रोग में लाभ होता है। उस पानी में हरे आंवले का रस मिलाकर पीने से पेशाब में जलन होना ठीक हो जाती है।
  • हरे धनिए के पत्तों के 2 चम्मच रस में शक्कर मिलाकर पीने से पेशाब की जलन ठीक हो जाती है।
  • 10 ग्राम धनिये को रात में पानी में मिलाकर, छानकर मिश्री, मिलाकर पीने से पेशाब की जलन दूर हो जाती है।

81. मक्कल शूल : 3 ग्राम धनिये के चूर्ण को 4 से 6 ग्राम पुराने गुड़ के साथ दिन में 2 बार सेवन करने से मक्कल शूल नष्ट हो जाता है।

82. संग्रहणी (पेचिश) : धनिया, 1 पुती लहसुन, अतीस, वेगवाला, नागरमोथा, सोंठ, खिरेंटी सबको बराबर मात्रा में लेकर काढ़ा बनायें। इस काढ़े को 10 ग्राम की मात्रा में सुबह और शाम बार सेवन करने से संग्रहणी का रोग ठीक हो जाता है।

83. मासिक-धर्म सम्बंधी परेशानियां : लगभग 20-25 ग्राम धनिये के दानों को पानी में उबालते हैं। जब लगभग आधा कप पानी बचा रह जाए, तो इसे छानकर उसमें गुड़ मिलाकर सेवन करने से मासिक-धर्म की परेशानियों से छुटकारा मिल जाता है।

84. घाव : घाव नया हो या पुराना, चाहे कितना भी जहरीला हो धनिये के पाउडर को यव के आटे के साथ मिलाकर घाव पर पट्टी बांधने से घाव अच्छा हो जाता है।

85. दस्त के साथ आंव और पेचिश का आना :

  • धनिया तथा सोंठ के 20 ग्राम काढे़ में 1 ग्राम एरण्ड मूल का चूर्ण मिलाकर दिन में 2 बार रोगी को पिलाने से मल में आंव आना बंद हो जाता है।
  • धनिया और मिश्री को बराबर मात्रा में लेकर चूर्ण बनायें। इस चूर्ण को 1-2 चम्मच पानी में घोलकर पीने से पेचिश के रोगी को लाभ मिलता है।
  • धनियां, कुड़ा की छाल, इन्द्रजौ, बेलगिरी, सौंफ और जीरे का चूर्ण बना लें। इस चूर्ण का 3 ग्राम सेवन करने से पेचिश का रोग दूर हो जाता है।

86. अग्निमान्द्य (हाजमे की खराबी) :

  • 50 ग्राम धनिया, 10 ग्राम कालानमक, 20 ग्राम कालीमिर्च और 10 ग्राम सौंफ को बारीक पीसकर चूर्ण बना लें। खाना खाने के बाद रोजाना आधा चम्मच चूर्ण सुबह और शाम पानी के साथ सेवन करने से अग्निमान्द्यता (भोजन का न पचना) रोग समाप्त हो जाता है।
  • 60 ग्राम सूखा धनिया, 25 ग्राम कालीमिर्च और 25 ग्राम नमक को अच्छी तरह पीसकर खाने के बाद आधा चम्मच रोज खाने से अग्निमान्द्यता (भोजन का न पचना) में लाभ होता है।
  • धनिया और सोंठ को बराबर मात्रा में लेकर उसका काढ़ा तैयार कर लेते हैं। इस काढे़ को सुबह-शाम पीने से पाचन शक्ति (भोजन पचाने की क्रिया) तेज हो जाती है।
  • 2 चम्मच धनिये के दाने और मिश्री को साथ पकाकर काढ़ा बनाकर पीने से अग्निमान्द्यता (भोजन का न पचना) के रोग में आराम मिलता है।

87. जिगर का रोग, मन्दाग्नि : धनिया, सोंठ और काले नमक का चूर्ण बनाकर रख लें और इसे दिन में 3 बार सेवन करें। इससे मंदाग्नि (बदहजमी) ठीक हो जाती है और जिगर की शक्ति, स्फूर्ति मिलती है तथा भूख भी खुलकर लगती है।

88. श्वेत प्रदर : धनिया क्षोभ शामक (चित्त की बेचैनी) है। इसलिए इसका हिम (शीत कषाय) अनुपान या सहपान के रूप में सेवन करने से सफेद प्रदर मिट जाता है।

89. अम्लपित्त :

  • 2 चम्मच सूखा हुआ धनिया, 1 चम्मच सोंठ, आधा चम्मच जीरा और 4 लौंग के पीस को पीसकर चूर्ण बनाकर रख लें, फिर इसमें थोड़ी-सी मिश्री मिलाकर दिन में 3 बार खुराक के रूप में रोगी को देने से पेट में अम्लपित्त के बढ़ने पर, छाती, आंखों में जलन, आलस्य, चिड़चिड़ापन और सांस के फूलना आदि में आराम मिलता हैं।
  • हरे धनिए को पानी में पीसकर थोड़ी-सी मात्रा में काला नमक मिलाकर पीने से अम्लपित्त शान्त होती है।
  • धनिया, आंवला, नागरमोथा को बराबर मात्रा में लेकर पानी के अंदर डाल दें, 2 घण्टे के बाद इसमें मिश्री और नींबू का रस मिलाकर सेवन करने से अम्लपित्त के रोग में लाभ होता है।

90. प्यास अधिक लगना : हरा धनिया और सूखा आंवला को मिलाकर चटनी बना लें। इस चटनी को रोजाना खाने से गले का सूखना व प्यास का अधिक लगना दूर हो जाता है।

91. आठवें महीने के गर्भ के विकार : धनिये को पीसकर चावलों के पानी के साथ पिलाने से आठवें महीने के गर्भ का दर्द नष्ट हो जाता है तथा इससे गर्भ की पुष्टि होती है।

92. प्रसव के बाद का रक्तस्राव : 6 ग्राम धनिये को पीसकर आधा किलो पानी में खौलाएं। आधा पानी बचने पर उतारकर छान लें। इसमें मिश्री मिलाकर गर्म-गर्म करके सुबह और शाम को पिलायें। एक हफ्ते तक बराबर खायें। इसके सेवन से प्रसव के बाद का रक्तस्राव (खून का बहना) बंद हो जाता है।

93. पित्तज्वर : सूखे धनिये के दाने रात में पानी में भिगो लें और सुबह के समय उनका काढ़ा तैयार करें उस काढ़े में मिश्री मिलाकर पीने से पित्त ज्वर दूर हो जाता है।

94. खाना खाने के बाद पैखाना जाना : 100 ग्राम सूखे धनिये में 25 ग्राम काला नमक पीसकर मिलाकर रख लें। इसे भोजन के बाद 2 ग्राम की मात्रा में पानी के साथ खायें। इससे खाना खाने के बाद पैखाना जाने की आदत दूर हो जाती है।

95. वीर्य विकार : धनियां, पोस्ता के बीज के साथ मिश्री मिलाकर खाने से वीर्य रोग में लाभ होता है।

96. टीके से होने वाले दोष : धनिये के चूर्ण को जौ के आटे के साथ मिलाकर टीके के स्थान पर बांधने पर टीके के कारण उत्पन्न सूजन मिट जाती है।

97. वीर्य की कमी : धनिये का चूर्ण बनाकर ईसबगोल की भूसी और मिश्री मिलाकर गर्म दूध के साथ खाने से स्वप्नदोष, कब्ज और शीघ्रपतन दूर होता है।

98. पेशाब में जलन : 30-30 ग्राम सूखा धनिया, सफेद चन्दन का चूरा और आंवला को लेकर मोटा-मोटा पीस लें। लगभग 18 ग्राम चूर्ण को 125 ग्राम पानी में रात को भिगोने के लिए रख दें। सुबह इसे अच्छी तरह पानी में ही मसलकर और छानकर इसमें चीनी मिलाकर पीने से पेशाब की जलन दूर होती है।

99. गठिया रोग :

  • धनिये के तेल को घुटनों पर मालिश करने से गठिया का दर्द दूर होता है तथा हडि्डयों में उत्पन्न कमजोरी भी ठीक होती है।
  • 10 ग्राम धनिये के दाने, 25 ग्राम सोंठ, 10 ग्राम कालीमिर्च, 10 ग्राम लौंग, 10 ग्राम अजवाइन और 5 ग्राम सेंधानमक को एक साथ मिलाएं। इस चूर्ण को 3 से 4 ग्राम गुनगुने पानी से रोगी को देने से गठिया का दर्द दूर हो जाता है।
  • लगभग 3.50 ग्राम धनिये में 10 ग्राम चीनी मिलाकर खाने से गठिया का रोग नष्ट होता है।

100. दिल की तेज धडकन :

  • यदि दिल की धड़कन तेज मालूम पड़े और घबराहट बढ़ जाए, तो 1 चम्मच सूखा धनिया और 1 चम्मच मिश्री को मिलाकर सेवन करने से दिल की धड़कन सामान्य हो जाएगी।
  • धनियें के 3 ग्राम चूर्ण में 3 ग्राम मिश्री का चूर्ण मिलाकर ताजे पानी से सेवन करने पर दिल की तेज धड़कन में लाभ होता है।
  • दिल की धड़कन यदि अधिक मालूम हो तो सूखा धनिया और मिश्री बराबर मात्रा में मिलाकर रोजाना 1 चम्मच ठण्डे पानी से लेने से दिल की धड़कन ठीक हो जाती है।

101. फोड़ा (सिर का फोड़ा) :

  •  पानी में धनिये को पीसकर इसकी टिकिया बनाकर फोड़े पर बांधने से फोड़े का घाव ठीक हो जाता है।
  • हरे धनिये के पत्तों को पीसकर शर्बत की तरह घोटकर सुबह और शाम को पीने से घबराहट दूर हो जाती है।

102. हृदय रोग :

  • धनिया, सौफ, छोटी इलायची के दाने को बराबर मात्रा में लेकर चूर्ण बना लें। इसे 3-3 ग्राम दिन में 2 बार खाना खाने के बाद लेने से हृदय का दर्द ठीक हो जाता है।
  •  6 ग्राम धनिया और 10 ग्राम किशमिश को रात को पानी में गलने के लिए डाल दें। इसे सुबह पीसकर और छानकर कर पीयें। इससे हृदय की धड़कन में काफी लाभ होता है।
  • सूखा धनिया व सौंफ 25-25 ग्राम पीसकर छानकर सुबह 5 ग्राम को पानी से लेने से हृदय के दर्द मे आराम आ जाता है।
  • 25-25 ग्राम सौंफ और सूखा धनिया पीसकर और छान कर 50 ग्राम खाण्ड में मिला लें। इसे 5-5 ग्राम पानी से भोजन के बाद दोनों समय लेने से हृदय का दर्द दूर हो जाता है।

103. गुल्यवायु हिस्टीरिया : लगभग 12 ग्राम की मात्रा में धनिया और 4 ग्राम सर्प गंधा मिलाकर बारीक चूर्ण बना लें और 1-2 ग्राम की मात्रा में रात को सोते समय पानी के साथ देने से हिस्टीरिया से पीड़ित रोगी को बहुत लाभ मिलता है।

104. नाखूनों का जख्म – धनिये का चूर्ण बनाकर जौ के आटे के साथ मिलकर नाखुनों पर लेप करें और कपड़े से बांध दें। इससे नाखून का घाव और जलन में आराम मिलता है।

105. सिर का दर्द :

  • धनिये को पीसकर माथे पर लेप की भांति लगाने से पित्त (गर्मी) के कारण होने वाला सिर दर्द खत्म हो जाता है।
  • धनिये और आंवले को बराबर मात्रा में लेकर रात को सोते समय भिगो दें और सुबह छानकर इसमें मिश्री मिलाकर पीने से सिर का दर्द ठीक हो जाता है।
  • हरे या कच्चे धनिये को पीसकर सिर पर लेप करने से सिर का दर्द दूर हो जाता है।
  • पित्तज या गर्मी के कारण होने वाले सिर के दर्द में धनिये, चन्दन और गुलाब के फूलों को बारीक पीस लें, और इनको ईसबगोल में मिलाकर गाढ़ा करके लगाने से सिर का दर्द खत्म हो जाता है।
  • 1 चम्मच धनियां, 5 साबूत काली मिर्च, 4 पत्ते तुलसी के और दो लौंग को लेकर काढ़ा बनाकर पीने से सर्दी और जुकाम की वजह से होने वाला सिर का दर्द दूर हो जाता है।
  • 10 ग्राम सूखा हुआ धनिया, 5 ग्राम आंवले का चूर्ण और 4 लौंग को पीसकर सेंधा नमक के साथ चाटने से या माथे पर लेप करने से गर्मी के कारण होने वाला सिर का दर्द दूर हो जाता है।

106. होठों का फटना : धनिया, राल, गेरू, मोम, घी और सेंधा नमक को बराबर मात्रा में लेकर पीसकर और छानकर लेप करने से फटे हुए होठ ठीक हो जाते है।

107. मस्सा और तिल : धनिये को पीसकर शरीर में जहां पर मस्सें और तिल हो वहां पर लगाने से वो समाप्त हो जाते है।

108. खून रोकने के लिए: 250 ग्राम सूखा धनिया पानी में उबालें। आधा पानी बच जाने पर इसे उतारकर इस काढे को घाव पर लगाने से खून बहना बंद हो जाता है।

109. पैरों में जलन : सूखा धनिया और मिश्री को बराबर मात्रा में लेकर पीस लें। फिर इसके 2 चम्मच रोजाना 4 बार ठण्डे पानी से लेने से हाथ और पैरों की जलन दूर हो जाती है।

110. सौन्दर्य प्रसाधन : धनियें को पीसकर चेहरे पर लगाने से मस्से और तिल समाप्त हो जाते है।

111. नाड़ी का दर्द : नाड़ी के दर्द में धनिये के तेल से दर्द पर मालिश करने से रोग में लाभ होता है। इसका प्रयोग जोड़ों के दर्द में भी लाभकारी होता है।

112. बालरोग हितकर :

  • धनियें को एक कपड़े की पोटली में बांधकर पानी में भिगों दें। इसको बार-बार आंखों में लगाने से आंख के रोग ठीक हो जाते हैं।
  • धनिये को पानी में पीसकर और मिश्री मिलाकर पिलाने से लू नही लगती है।

113. याददास्त कमजोर होना :

  • 500 ग्राम पानी में 125 ग्राम धनिये को उबालें, और जब पानी एक चौथाई की मात्रा में रह जाये तो इसे छान कर इसमें 125 ग्राम मिश्री मिलाकर इसको गाढ़ा होने तक गर्म करके रोजाना 10 ग्राम की मात्रा में चाटने से दिमाग की कमजोरी दूर हो जाती है और बुद्धि का विकास होता है।
  • धनिये के रस को सिर में लगाने से याददाश्त तेज हो जाती है।

114. बालरोगों की औषधि :

  • धनिया, अतीस, काकड़सिंगी और गजपीपल को मिलाकर चूर्ण बनाकर शहद के साथ मिलाकर चटाने से बच्चों के अतिसार (दस्त) और वमन (उल्टी) रोग समाप्त हो जाते हैं।
  • अगर बच्चे की नाभि उथल गई हो, तो हरा धनिया पीसकर लगाने से लाभ होता है।
  • धनिया, लोध्र, इन्द्रजौ, आंवला, सुगन्धवाला और नागरमोथा को बारीक पीसकर शहद में मिलाकर बच्चों को चटाने से बुखार समाप्त हो जाता है।

115. कण्ठमाला : धनिये और जौ का सत्तू रोज लगाने से कण्ठमाला की गांठे बैठ जाती हैं।

116. गले की सूजन : गले में सूजन हो जाने की हालत में धनिये के दानों को पीसकर उसमें गुलाब जल मिलाकर गले पर चन्दन की तरह लगाने से गले की सूजन दूर हो जाती है।

117. गले का दर्द :

  •  हर 3-3 घंटे के अंदर 2 चम्मच सूखा साबुत धनिया चबा-चबाकर चूसते रहने से हर प्रकार का गले का दर्द दूर होता है।
  • सूखे धनिये को मिश्री में मिलाकर रोगी को चबाने या चूसने को कहें। इससे गले का दर्द ठीक हो जाता है।

118. पित्त रोग (गर्मी के विकार) : लगभग 3 ग्राम की मात्रा में साबूत सूखा धनिया लेकर पीसकर चूर्ण बना लें, फिर इसको ठण्डे पानी और मिश्री के साथ मिलाकर गर्मी के दिनों में पीने से पित्त के कारण होने वाले रोगों से छुटकारा मिल जाता है।

119. गले में दर्द व जलन :

  • गले में दर्द और जलन होने पर 3-3 घंटे के अन्तर से 2 चम्मच सूखा साबुत धनिया चबा-चबाकर उसका रस चूसते रहना चाहिए। स्वाद के लिए साथ में मिश्री चबा सकते हैं। यह प्रयोग प्रत्येक प्रकार के गले के दर्द में लाभकारी होता है।
  • धनिये के बीज को मुंह में रखकर चबाने से गले का दर्द समाप्त हो जाता है।

(अस्वीकरण : दवा ,उपाय व नुस्खों को वैद्यकीय सलाहनुसार उपयोग करें)

Leave a Comment

error: Alert: Content selection is disabled!!
Share to...